चारधाम यात्रा है उत्तराखंड की रीढ़, माहरा भी कर रहे हैं यात्रा को प्रमोट
-गढ़वाल यात्रा के द्वितीय चरण में माहरा पहुंचे केदारधाम
यात्रियों से ले रहे फीडबैक, सरकार को देंगे सुझाव
देहरादून। उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ़ चारधाम यात्रा को प्रमोट करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा भी अपनी ओर से प्रयास कर रहे हैं। माहरा ने केदारनाथ धाम के इतिहास व यात्रा के महत्व पर बुकलेट तैयार कराये हैं, जिसे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के माध्यम से यात्रियों को वितरित कर रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए कांग्रेस की गढ़वाल मीडिया प्रभारी गरिमा दसौनी माहरा की दूसरे दौर की गढ़वाल यात्रा की जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि माहरा फिर 5 मई को सुबह अपने साथियों के साथ केदारनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हो गए।
दसौनी ने बताया कि माहरा और उनके सहयोगियों ने यात्रियों को बुकलेट बांटे, जिसमें केदारनाथ धाम के इतिहास और महत्व की संक्षिप्त जानकारी है। बुकलेट उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से करण माहरा के निर्देश पर तैयार की गई है।
जिसका मुख्य उद्देश्य चार धाम यात्रा का वैश्विक स्तर पर प्रचार प्रसार एवं सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश देना है। दसौनी ने बताया कांग्रेस प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल है ऐसे में एक रचनात्मक सहयोगात्मक और सकारात्मक विपक्ष की अपनी भूमिका का निर्वहन करना उसका दायित्व है।
दो साल से कोरोना की मार झेल रही जनता बेरोजगारी व महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में चार धाम यात्रा प्रदेश के लिए आशा की किरण लेकर आई है। इन सभी बातों के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार और विपक्ष दोनों का उद्देश्य अपनी जनता का हित और उनकी आजीविका होना चाहिए।
इसी दिशा में कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष ने यात्रा के महत्व को लेकर बुकलेट छपवाना और यात्रा को प्रमोट करना सराहनीय है। बुकलेट में केदारनाथ के इस प्राचीन मंदिर के निर्माण से लेकर, यहां के तीर्थ पुरोहितों की जानकारी ,यह मंदिर किस शैली से बना है ,मंदिर के कितने भाग हैं और सभी भागों का क्या महत्व है एवं हमारी हिंदू सनातन संस्कृति जो विश्व का एकमात्र ऐसा धर्म है जो प्रति से प्रेम करना और उसका संरक्षण करना सिखाता है इन सभी पहलुओं पर यात्रियों को जानकारी दी गई है।
उन्होंने कहा है कि इस पहल से यात्रा को और बढ़ावा मिलेगा। माहरा ने आज चार धाम यात्रा पर आये यात्रियों से सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। दसौनी ने बताया कि यात्रियों से बातचीत के आधार पर वे जल्द ही सरकार को सुझाव भी देंगे।