अफगानिस्तान : काबुल में बम विस्फोट, मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 20 ,कई घायल

काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में दो स्कूलों के पास सुबह तीन धमाके हुए हैं। धमाकों में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 20 पहुंच गया है। इसके अलावा कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय सूत्रों ने यह जानकारी दी।

काबुल में ये धमाके अलग-अलग जगहों पर हुए हैं। इस घटना के बाद काबुल में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा एजेंसियां इन धमाकों की जांच कर रही हैं।

चश्मदीदों ने बताया कि पहला धमाका एक ट्रेनिंग सेंटर के पास, जबकि दूसरा धमाका अब्दुल रहीम शहीद हाई स्कूल के सामने हुआ है। तीसरा धमाका भी इसी जगह के आसपास हुआ है। ये धमाके उस वक्त हुए, जब स्कूली बच्चे अपनी क्लास के लिए जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि पहला धमाका मुमताज नाम के एक ट्रेनिंग सेंटर के पास हुआ। ये धमाका हैंड ग्रेनेड से किया गया है। धमाके में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं। आंतरिक मंत्रालय ने अब्दुल रहीम शहीद हाई स्कूल के पास विस्फोट की पुष्टि की है। मंत्रालय ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.