उत्तराखंड : भाजपा ने 47 पर जीत हासिल की, कांग्रेस को 19 सीट

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा में 47 पर जीत हासिल की है।हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सीट नहीं बचा सके।

मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के उम्मीदवार 19 सीटों पर विजय हुए हैं, जबकि बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों की झोली में गई हैं। मुख्यमंत्री श्री धामी को खटीमा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चन्द्र कापड़ी ने 6579 मतों के अंतर से पराजित किया। राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी लालकुआं सीट से चुनाव हार गए हैं।

उन्हें भाजपा प्रत्याशी डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने 17527 वोटों से मात दी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कुंजवाल अल्मोडा के जागेश्वर सीट से चुनाव हार गए हैं। हल्द्वानी निवार्चन क्षेत्र में कांग्रेस के सुमित हृदयेश ने भाजपा के जोगिंदर रौतेला को 7814 मतों से पराजित किया। जसपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के आदेश चौहान ने अपने निकटतम प्रतिनिधि डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंगल को 4172 से हराया। देहरादून जनपद की रायपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश शर्मा ने दोबारा विजय हासिल की है।

उन्होंने कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को 30052 मतों से शिकस्त दी। निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने ऋषिकेश से एक बार फिर जीत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जयेंद्र रमोला को 19057 वोटों से हराया। राजपुर (सुरक्षित) सीट से वर्तमान भाजपा विधायक खजान दास ने एक बार फिर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजकुमार को 11163 मतों से हराया।

कालाढूंगी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बंशीधर भगत ने कांग्रेस के उम्मीदवार महेश चन्द्र को 23931 वोटों से पराजित किया। मसूरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के गणेश जोशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की गोदावारी थपली को 154325 मतों से हराया। सहसपुर सीट पर भाजपा के सहदेव पुंडीर ने कांग्रेस के आर्येन्द्र शर्मा को 8355 वोटों से मात दी।

भगवानपुर से कांग्रेस की ममता राकेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बहुजन समाज पार्टी के सुबोध राकेश को 4811 मतों से पराजित किया। देहरादून कैंट से भाजपा की सविता कूपर ने अपने निकटतम प्रतद्वंदी कांग्रेस के सूर्याकांत धसमाना को 20938 मतों से हराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.