After Header-1

भाजपा को प्रदेश के विकास की फिक्र: शाह

बुलंदशहर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने न सिर्फ अराजक तत्वों को उनके अंजाम तक पहुंचाया बल्कि उत्तर प्रदेश को विकास और अर्थव्यवस्था के मामले में देश का नम्बर वन राज्य बनाने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

शाह ने बुलंदशहर के डिबाई और अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुये कहा कि सपा सत्ता में आने पर एक जाति और धर्म के लिये काम करती है जबकि भाजपा का मूल सिद्धांत सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास है और इसी मंत्र के साथ वह समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिये प्रयासरत है।
उन्होने कहा कि योगी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में माफिया और अपराधियों पर प्रहार किया और प्रदेश में अब ये तत्व या तो जेल में है,या प्रदेश के बाहर है अथवा सपा की प्रत्याशियों की सूची में दिखते हैं। योगी सरकार में माफिया राज का सफाया हो चुका है और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। पिछले पांच सालों में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की दशा और दिशा बदल दी है। मोदी सरकार की गांव गरीब की योजनायें उत्तर प्रदेश में अब जन जन तक पहुंचने लगी है।
गृह मंत्री ने कहा ‘‘राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी मुगालते में है कि उन्हे अखिलेश से उचित सम्मान मिलेगा। जो अखिलेश अपने चाचा की नहीं सुनता वो उनकी क्या सुनेगा। यदि सपा की सरकार बनी तो जयंत बाबू बाहर और आजम खां अंदर होंगे।
उन्होने कहा कि सपा सरकार में एक ही जाति के लोगों को पट्टे मिलते थे जबकि आज सपा के चहेतों के यहां छापे में करोड़ों रुपये मिल रहे हैं। उन्होने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने का विरोध सपा बसपा और कांग्रेस कर रहे थे। अखिलेश ने संसद में यह भी कह दिया था कि 370 हटने के गंभीर परिणाम होंगे, खून की नदियां बहेंगी। खून की नदियां तो दूर कोई कंकड़ मारने की हिम्मत भी नहीं कर पाया।
आज कश्मीर भारत माता का अभिन्न हिस्सा है।
गृह मंत्री ने कहा कि गैर भाजपा सरकारों में पाकिस्तान से आये आतंकवादी सैनिकों के सिर काट कर ले जाते थे मगर आज सीमा पार करने में घबराते हैं। पुलवामा में हमले का जवाब पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया। पीएम मोदी उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के पक्षधर हैं। उन्होने प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और मेट्रो रेल का संजाल खड़ा किया। कई नगरों को स्मार्ट सिटी बनाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास हुआ। जनता भाजपा को मौका देगी तो यूपी में देश का नंबर वन राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकेगा।
उन्होने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस ने माफियाओं को प्रोत्साहन देने के साथ प्रदेश को कर्ज के संकट में ढकेल दिया था। उन्होने कहा कि सपा ने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवायी जबकि भाजपा ने रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.