आयकर विभाग का दो व्यावसायिक समूहों पर छापा

नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने गुरुग्राम में दो व्यावसायिक समूहों पर छापे की कार्रवाई में अनुमानित 600 करोड़ रूपये की बेहिसाब आमदनीकी का पता लगाया है। कार्रवाई में 3.54 करोड़ रूपये नकद और 5.15 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण जब्त किए गए हैं।

आयकर विभाग के अनुसार जिन दो व्यावसायिक समूहों पर छापे की कार्रवाई की गई इनमें से एक समूह रियल एस्टेट और होटल का कारोबार करता है जबकि दूसरा औजार और उपकरण निर्माण का काम करता है।

आयकर विभाग ने इन समूहों के ठिकानों पर 10 नवंबर को तलाशी शुरू की। आधिकारिक जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान रियल एस्टेट में बेहिसाब निवेश, बेहिसाब खरीद और बिक्री, स्टॉक में अंतर, खोखा कंपनियों का अधिग्रहण, बेनामी संपत्तियां और लेनदेन, असुरक्षित फर्जी ऋण और शेयर आवेदन धन, पूंजीगत लाभ की चोरी आदि से संबंधित विभिन्न अपराधिक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा पाए गए और जब्त किए गए।

इसके अलावा, इन समूहों में से एक समूह में परिवारिक सदस्यों द्वारा बिना किसी आवश्यक योग्यता या व्यापारों के प्रबंधन में भागीदारी के बिना वेतन और पारिश्रमिक के रूप में बड़ी मात्रा में रकम प्राप्त करने के साक्ष्य पाए गए और जब्त किए गए। विभाग ने बताया कि इस दौरान उसके हाथ कुल 3.54 करोड़ रुपये नकद और 5.15 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण लगे जिन्हें जब्त किया गया है।

इसके अलावा 18 बैंक लॉकरों पर रोक लगा दी गई है। बयान में कहा गया है कि छापों में कुल अनुमानित 600 करोड़ रूपये की बेहिसाब आमदनी का पता चला है। विभाग इन मामलों में आगे की जांच कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.