महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ईडी के समक्ष पेश हुए

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष प्रस्तुत हुए।

ईडी के समक्ष पेश होने से पहले राकांपा नेता देशमुख ने एक संवाददाता सम्मेलन में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को खुद फरार बताया।

सिंह ने देशमुख पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाये थे। ईडी सूत्रों ने कहा कि एजेंसी महाराष्ट्र पुलिस संस्थान में करीब 100 करोड़ की रिश्वत सह रंगदारी रैकेट मामले में 71 वर्षीय नेता श्री देशमुख का बयान धन शोधन रोकथाम कानून के तहत बयान दर्ज करेगी।

परमबीर ने उन पर राज्य पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप लगाए थे जिसके बाद पूर्व मंत्री देशमुख को इस साल अप्रैल में अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

हाल में श्री देशमुख ने ईडी की ओर से जारी चार समन की अनदेखी कर दी थी लेकिन बॉम्बे उच्च न्यायालय ने जब इन समन को खारिज करने से इंकार कर दिया तो उन्हें आज एजेंसी के अधिकारियों के समक्ष हाजिर होना पड़ा।

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त द्वारा लगाये गये रिश्वत के आरोपों के आधार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने  देशमुख और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.