चुनाव आयोग ने की घोषणा, 29 नवम्बर को होंगे रास सीटों पर उपचुनाव 

नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनावों की तिथियों की घोषणा की। केरल और पश्चिम बंगाल की राज्यसभा की एक-एक सीट तथा महाराष्ट्र विधानपरिषद की एक सीट के लिए उपचुनाव के साथ ही आंध्र प्रदेश की तीन और तेलंगाना की छह विधानपरिषद की सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव 29 नवम्बर को होंगे।

आयोग ने कहा कि चुनावों की अधिसूचना नौ नवंबर को जारी होगी जबकि मतदान 29 नवंबर को होगा। मतों की गिनती स्थापित परंपरा के मुताबिक मतदान पूरा होने के एक घंटे बाद आरंभ होगी। एक दिसंबर को चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हो जाएगी।

केरल कांग्रेस ( एम ) के जोस के मणि ने इस वर्ष जनवरी महीने में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल जुलाई 2024 तक था।

वहीं तृणमूल कांग्रेस की अर्पिता घोष ने भी इसी वर्ष सितंबर महीने में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में पूरा होना था। इसी वजह से दो सीटों पर चुनाव कराए जा रहें हैं।

महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता शरद नामदेव रानपीसे की इसी वर्ष सितंबर महीने में मृत्यु हो गयी थी जिस वजह से एक सीट पर विधानपरिषद चुनाव हो रहा है। कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण आयोग ने केरल की राज्यसभा सीट पर चुनाव टाल दिया था और कहा था कि परिस्थितियों में सुधार के बाद इस बारे में फैसला करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.