सीएम धामी ने किया 105 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण

नैनीताल। सीएम धामी(CM DHAMI) ने किच्छा दौरे पर किच्छा विधानसभा के लिये 105 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया, जिनमें लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास और साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार विकास योजनायें शामिल हैं।

धामी ने कहा कि उनकी हर घोषणा को जनहित में पूरा किया जा रहा है और आगे भी अक्षरश: पालन होगा और उन्हें पूरा किया जायेगा। किच्छा के खुरपिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की एक हजार एकड़ भूमि पर जल्द ही सिडकुल की स्थापना की जायेगी और उद्योग लगाये जायेंगे, जिससे युवाओं का रोजगार मिल सकेगा।

उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किच्छा में ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जल्द निर्माण कार्य शुरू कर लिया जायेगा। उन्होंने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य से इस संबंध में अनुरोध किया है और यह जल्द कार्य शुरू हो जायेगा।

उन्होंने कहा कि किच्छा के खुरपिया फार्म में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के लिये भी केन्द्र सरकार से बातचीत चल रही है और इसे भी जल्दी पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने किच्छा विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न गोविन्द बल्लभ पंत की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की और कहा कि इसके लिये सरकार धन की व्यवस्था कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.