सीएम बोले बाड़ाहोती में चीनी घुसपैठ की जानकारी नहीं

  • भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के केंद्र सरकार पर तंज करते ट्वीट से फिर उठा मामला 
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के बाड़ाहोती में चीनी सेना की घुसपैठ की फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी न होने की बात कही है। हालांकि एक पूर्व सीएम और पूर्व राज्यपाल राज्य की सीमा में पिछले महीने घुसपैठ होने के बारे में बात कर चुके हैं।
यह मामला इसलिए उठा है क्योंकि भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए ट्विटर पर एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर की हेडिंग लिखते हुए लिखा कि ‘कोई आया’। अंग्रेजी अखबार ने उत्तराखंड की सीमा पर चीनी सैनिकों के कथित रूप से घुस आने और कुछ निर्माणों को ध्वस्त करने और नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट प्रकाशित की है।
सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी चमोली जिले के बड़ाहोती ‘नो-मैन्स लैंड’ में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जवान आते रहे हैं लेकिन ये पहली बार हुआ, जब पिछले महीने बड़ी संख्या में जवान वहां चहलकदमी करते देखे गए थे।
चीनी सेना की इस करतूत को उकसाने वाली हरकत माना जा रहा है।  दरअसल चमोली जिले में पड़ने वाला बाड़ाहोती ऐसा इलाका है, जहां घास के मैदानों में तिब्बती चरवाहे भी जाते रहे हैं। 1962 से पहले तक यहां उत्तराखंड की नीति घाटी के चरवाहे भी आते जाते रहे लेकिन उसके बाद यह सिलसिला बंद हो गया। पिछले कुछ समय से चीनी जवान यहां कई बार देखे गए हैं। वो इस इलाके में आते हैं, घूमते हैं, सिगरेट और दूसरे रैपर इस सबूत के रूप में फेंकते हैं कि यह दर्शाया जा सके कि यह इलाका चीन के कब्जे में है।सूत्रों के अनुसार 30 अगस्त के आसपास बड़ी संख्या में चीनी जवान यहां आए थे। करीब 70  किलोमीटर के इस इलाके के पास तिब्बत का दाफा नाम का गांव है। भारतीय साइड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तैनात रहती है जबकि सीमा पार चीनी सेना की चौकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.