पटना । पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी प्रधानमंत्री से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की है ।मांझी ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि कम संसाधनों के बावजूद नीतीश कुमार ने बिहार के बदतर कानून व्यवस्था और बेहाल शिक्षा महकमे को दुरुस्त करने में अपनी पूरी ताकत लगा दी है ।
अब आधारभूत संरचना को ठीक करने के लिए विशेष राज्य के दर्जे की जरूरत है। मांझी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार को विशेष दर्जा नहीं मिला तो कभी नहीं मिलेगा। इससे पहले जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि बिहार की स्थिति पहले से ही बहुत खराब थी ।
झारखंड के अलग होने के बाद उसकी स्थिति और भी खराब हो गई । संसाधनों की कमी के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुत अच्छा काम किया है लेकिन बिहार को अन्य राज्यों के बराबर खड़ा होने के लिए विशेष राज्य का दर्जा दिया जाना जरूरी है । जदयू के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष राज्य का दर्जा देकर बिहार के साथ न्याय करने की मांग की है।
कुशवाहा ने शनिवार को सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि बिहार और झारखंड विभाजन के उपरांत प्राकृतिक संपदाओं का अभाव और बिहारवासियों पर प्राकृतिक आपदाओं के लगातार दंश के बावजूद नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार अपने कुशल प्रबंधन से बिहार में विकास की गति देने में लगी है लेकिन वर्तमान दर पर अन्य राज्यों से उसकी बराबरी संभव नहीं है ।