नई दिल्ली। भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अब अंतरिक्ष में भी निगरानी क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। चीन की तेजी से बढ़ती अंतरिक्ष तकनीक और पाकिस्तान को मिल रही संभावित मदद को देखते हुए भारत अपने स्पेस बेस्ड सर्विलांस (एसबीएस-3) कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत 52 निगरानी उपग्रह अंतरिक्ष में स्थापित करने की योजना है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि चीन की तकनीकी सहायता से पाकिस्तान की खुफिया और निगरानी क्षमता में इजाफा हो सकता है।
नई दिल्ली स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में आयोजित ‘विमर्श ऑन फ्यूचर ऑफ वारफेयर एंड इंडियाज प्रिपेयर्डनेस टू कंडक्ट मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस’ कार्यक्रम में सीडीएस ने भविष्य के युद्ध और भारत की सैन्य तैयारियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का अंतरिक्ष संगठन सुपार्को अपनी स्वदेशी क्षमताओं को विकसित करने में जुटा है। इसके अलावा तुर्किये की ओर से भी पाकिस्तान को तकनीकी सहयोग मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जनरल सुब्रमणि के अनुसार, चीन की इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉन्सेंस (आईएसआर) और पोजिशनिंग, नेविगेशन एंड टाइमिंग (पीएनटी) क्षमताओं का फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है। इससे उसे भारतीय सैन्य ठिकानों, सीमावर्ती गतिविधियों और सैन्य संसाधनों पर नजर रखने में मदद मिल सकती है। ऐसे में भारत के लिए अपनी अंतरिक्ष आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी हो गया है।
एसबीएस-3 कार्यक्रम में शामिल होंगे 52 उपग्रह
भारत के एसबीएस-3 मिशन के तहत 52 निगरानी उपग्रह तैनात किए जाएंगे। इनमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर और सिंथेटिक अपर्चर रडार (एसएआर) तकनीक का इस्तेमाल होगा। ऑप्टिकल सेंसर तस्वीरों के माध्यम से निगरानी करेंगे, जबकि एसएआर तकनीक बादलों और अंधेरे में भी जमीन की गतिविधियों पर नजर रखने में सक्षम होगी। इन उपग्रहों को लो-अर्थ ऑर्बिट में स्थापित करने की योजना है। कार्यक्रम को 2029 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीडीएस ने स्पष्ट किया कि आधुनिक युद्ध का दायरा अब जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं है। अंतरिक्ष, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध भी सैन्य रणनीति के महत्वपूर्ण हिस्से बन चुके हैं। भारत इसी बदलती चुनौती को ध्यान में रखते हुए अपनी बहु-क्षेत्रीय सैन्य क्षमताओं को मजबूत कर रहा है।

