After Header-1

झारखंड में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, खुशियां मातम में बदलीं

रामगढ़ (झारखंड)। झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। इनमें एक बच्ची भी बताई जा रही है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी गांव के पास कुज्जू ओपी क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हुआ। बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (बीआर 21पी 6331) में कुल 14 लोग सवार थे। परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदार की शिक्षक पद पर नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। हालांकि, मंदिर पहुंचने से पहले ही उनका सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी मृतकों के शव रामगढ़ सदर अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और परिजनों से संपर्क करने के लिए बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना से समन्वय कर रही है।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर दुर्घटना की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.