After Header-1

भारत ने चौथी बार जीती महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, फाइनल में चीन को 3-1 से हराया

भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार अपने नाम कर लिया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत की इस शानदार जीत में दीपिका ने दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को चीन की ओर से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। मैच के 24 मिनट 55 सेकंड में चीन की खिलाड़ी चेन युजुन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की और तीसरे क्वार्टर में मुकाबले का रुख बदल दिया।

भारत की ओर से दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकंड में शानदार गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 41 मिनट 15 सेकंड में इशिका ने गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। भारतीय टीम का आक्रामक खेल यहीं नहीं रुका। दीपिका ने 42 मिनट 25 सेकंड में अपना दूसरा गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया।

आखिरी क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षापंक्ति का प्रदर्शन किया। चीन ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने उसे कोई मौका नहीं दिया। दोनों टीमों को छह-छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारत ने अपने खेल से मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।

इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक चार खिताब जीतने का रिकॉर्ड बना लिया। इससे पहले भारत और दक्षिण कोरिया तीन-तीन बार यह खिताब जीत चुके थे। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में ट्रॉफी अपने नाम की थी।

फाइनल मुकाबले के दौरान भोपाल में हॉकी प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और भारतीय टीम के हर गोल पर तालियों व नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस ऐतिहासिक जीत ने देशभर के खेल प्रेमियों को जश्न मनाने का मौका दिया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.