After Header-1

PCS परीक्षा को लेकर हरिद्वार में सख्ती, 21 केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर हरिद्वार में प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रविवार, 29 नवंबर को नगर क्षेत्र के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक चलेगी।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा करने, जुलूस निकालने और धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयास्त्र और विस्फोटक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, पेजर और पाठ्य सामग्री भी परीक्षा केंद्रों में ले जाने की मनाही रहेगी।

शांति व्यवस्था में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों का प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.