रुड़की। विद्यार्थियों के नए विचारों को उद्यम का रूप देने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी रुड़की में एलुमनाई-लेड वेंचर वॉल्ट 2026 का आयोजन किया गया। संस्थान के स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने उद्योग, पर्यावरण और जल सुरक्षा से जुड़े कई उपयोगी समाधान प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कुल 5.80 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
आईआईटी रुड़की ने प्रिसर्व इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के लिए 100 से अधिक विचार प्राप्त किए थे। इनमें से 12 टीमों को अंतिम चरण के लिए चुना गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के संसाधन एवं पूर्व छात्र कार्य विभाग ने किया।
प्रतियोगिता में गणित एवं कंप्यूटिंग विभाग के उत्सो सरकार और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विनायक रायजादा की टीम ‘स्टैम्प्ड’ ने पहला स्थान हासिल कर 2.50 लाख रुपये जीते। टीम ने औद्योगिक एआई आधारित समाधान प्रस्तुत किया, जिससे फोर्जिंग उद्योग में अपशिष्ट और ऊर्जा की खपत कम की जा सकेगी।
एचआरईडी विभाग की शोधार्थी कृतितीर्थ पॉल और अनन्या डोगरा की टीम ‘फ्रेस्को’ को एक लाख रुपये का प्रथम उपविजेता पुरस्कार मिला। टीम ने प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित टिकाऊ कूलिंग सामग्री की अवधारणा पेश की।
वहीं, ‘जलएआई’ और ‘मॉस्नोवा’ को संयुक्त रूप से द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया। दोनों टीमों को 75-75 हजार रुपये मिले। जलएआई ने एआई और आईओटी आधारित पेयजल जांच तकनीक, जबकि मॉस्नोवा ने काई आधारित टिकाऊ निर्माण तकनीक प्रस्तुत की। अन्य आठ टीमों को 10-10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी गई।
संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि आईआईटी रुड़की विद्यार्थियों के नवाचारों को उद्योग और समाज के लिए उपयोगी समाधान बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

