जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी पुरोला सहित विभिन्न विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। गांव में सामुदायिक रसोई स्थापित कर प्रभावितों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम तैयार कर उसे अस्थायी राहत शिविर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने जरूरत पड़ने पर राहत कार्यों में हवाई सहायता के लिए अस्थायी हेलीपैड का निर्माण भी किया है।
राहत अभियान में पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने भी हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें 123 कंबल, 100 जैकेट, 45 गमबूट, 24 टेंट, चार बड़े एवं रेडक्रॉस टेंट, 12 बर्तन सेट, 45 गैस चूल्हे, 45 बाल्टियां, 45 हाईजीन किट और 50 गद्दे शामिल हैं। इसके अलावा बेडशीट, तकिये, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट, 50 टॉर्च, बर्तन और अन्य जरूरी सामान भी भेजा गया है।
प्रभावित परिवारों के लिए 45 राशन किट भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक किट में 20 किलोग्राम चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी और चाय सहित जरूरी खाद्य सामग्री रखी गई है। तहसील मोरी की ओर से भी चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, आलू, सोयाबड़ी, मसाले और 15 तिरपाल वितरित किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ उनकी जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

