प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ना है। नामित दोनों आइकॉन आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे।
नेहरू कॉलोनी, देहरादून निवासी रोहन शर्मा रेडियो जॉकी हैं। अपने प्रभावशाली संवाद और संचार कौशल के माध्यम से वह आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाएंगे। वहीं ऋषिकेश निवासी नीरजा गोयल दिव्यांगजन आइकॉन के रूप में दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक और प्रेरित करेंगी।
दोनों आइकॉन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने में सहयोग करेंगे। इसके माध्यम से लोगों को लोकतंत्र में मतदान की अहमियत समझाने और अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन का विशेष जोर दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को सरल, सुगम और सुलभ बनाने पर रहेगा। इसके लिए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। दिव्यांगजनों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने और उनके मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में दोनों आइकॉन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

