सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज के साथ हुई। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित अभ्यास की अध्यक्षता आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने की। इसमें सभी 13 जिलों के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान भूकंप, भूस्खलन सहित विभिन्न संभावित आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलों की तैयारियों का आकलन किया गया। अधिकारियों से यह जानकारी ली गई कि आपदा की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा और राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था किस प्रकार की जाएगी।
इसके साथ ही संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था, विभागीय समन्वय और कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली की भी समीक्षा की गई।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय प्रशासन की तत्परता और कार्यक्षमता को परखना है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी जीवन बचाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक विभाग और जनपद को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से पता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक होता है। इसी अनुभव के आधार पर प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
28 नवंबर को होगी मॉक ड्रिल
सचिव ने बताया कि 28 नवंबर को राज्य, जिला, तहसील और स्थानीय स्तर पर एक साथ 250 से 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल होगी। इसमें विभिन्न विभागों की वास्तविक परिस्थितियों में प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

