उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी और सिख समुदाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी से प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उनके जीवन दर्शन में सेवा, सद्भाव, समानता और निःस्वार्थ भाव से मानव कल्याण का संदेश मिलता है। उनकी शिक्षाएं समाज को जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी विश्वास, एकता और सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। विभागीय प्रतिनिधियों ने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही योजनाओं से संबंधित ब्रोशर और प्रचार सामग्री वितरित की गई, ताकि पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आमजन को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने गुरु नानक देव जी के बताए सेवा, समानता और भाईचारे के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

