After Header-1

कंधों से लेकर कोर तक मजबूत बनाता है पिंच मयूरासन, जानिए इसे करने का सही तरीका

नई दिल्ली। योग में कई ऐसे आसन हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने के साथ संतुलन और मानसिक एकाग्रता विकसित करने में मदद करते हैं। इन्हीं में शामिल है पिंच मयूरासन। यह देखने में कठिन जरूर लगता है, लेकिन नियमित अभ्यास और सही तकनीक से इसे सीखा जा सकता है। इस आसन में शरीर को उल्टी स्थिति में रखते हुए दोनों पैरों को ऊपर उठाया जाता है। शरीर का भार मुख्य रूप से कोहनियों, बांहों और कंधों पर रहता है।

संस्कृत में ‘पिंच’ का अर्थ पंख और ‘मयूर’ का अर्थ मोर होता है। इस आसन में शरीर की आकृति पंख फैलाए मोर जैसी दिखाई देती है, इसलिए इसे पिंच मयूरासन कहा जाता है। इसे संतुलन और व्युत्क्रम योगासनों की श्रेणी में रखा जाता है।

कंधों और मांसपेशियों को बनाता है मजबूत

पिंच मयूरासन का नियमित और सही तरीके से अभ्यास करने पर कंधों, बांहों और पीठ की मांसपेशियों को मजबूती मिल सकती है। इस दौरान पेट, कमर और कूल्हों की मांसपेशियां भी सक्रिय रहती हैं। इससे शरीर के मध्य हिस्से यानी कोर की ताकत और स्थिरता विकसित करने में मदद मिलती है।

संतुलन और एकाग्रता का अभ्यास

इस आसन में शरीर को उल्टी स्थिति में संतुलित रखना सबसे चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए शरीर की हर गतिविधि पर ध्यान देना पड़ता है। इससे शारीरिक नियंत्रण, संतुलन और एकाग्रता का अभ्यास होता है। पैरों को ऊपर उठाकर स्थिर रखने के लिए मांसपेशियों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी होता है।

कैसे करें पिंच मयूरासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योग मैट पर घुटनों के बल बैठ जाएं। अब दोनों कोहनियों को जमीन पर टिकाकर हाथों से शरीर को सहारा दें। धीरे-धीरे कूल्हों को ऊपर उठाएं और पैरों को हाथों की तरफ ले जाएं। इसके बाद नियंत्रित तरीके से एक-एक पैर ऊपर उठाने का प्रयास करें। शुरुआत में दीवार का सहारा लेना बेहतर रहता है।

इन बातों का रखें ध्यान

पिंच मयूरासन कठिन योगासन है। शुरुआती लोगों को इसका अभ्यास योग्य योग प्रशिक्षक की देखरेख में करना चाहिए। पर्याप्त मजबूती और संतुलन विकसित होने से पहले इसे बिना सहारे करने से बचें। माइग्रेन, तेज सिरदर्द और ग्लूकोमा जैसी आंखों की गंभीर समस्याओं में इस आसन का अभ्यास नहीं करना चाहिए। किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.