मुंबई। क्रिकेट की दुनिया में एक नए प्रयोग की तैयारी है। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और 2011 विश्व कप विजेता जहीर खान की पहल पर महिला और पुरुष खिलाड़ियों को एक ही टीम में खेलने का अवसर मिलने जा रहा है। ‘इक्वल’ नाम की इस मिश्रित टी20 क्रिकेट लीग का पहला संस्करण अगस्त 2027 में जर्मनी में आयोजित किया जाएगा। इसमें पांच टीमें हिस्सा लेंगी और महिला तथा पुरुष क्रिकेटर एक साथ मैदान पर उतरेंगे।
इस अनूठी लीग की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है। इसके सह-मालिक जहीर खान और सूचना प्रौद्योगिकी उद्यमी नागेंद्र सिद्धौताम हैं। जर्मन क्रिकेट महासंघ के साथ मिलकर इस प्रतियोगिता को विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्रिकेट को अधिक समावेशी बनाना और महिला-पुरुष खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित प्रारूप के अनुसार, लीग के पहले संस्करण में पांच टीमें कुल 12 टी20 मुकाबले खेलेंगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जबकि मैदान पर उतरने वाली प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल रहेंगे। इस प्रतियोगिता में सभी टीमों की एक ही अंकतालिका होगी और अंत में एक ही टीम चैंपियन बनेगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्थानापन्न खिलाड़ियों और खेल संचालन से जुड़े विशेष नियम भी तैयार किए जाएंगे।
जहीर खान का मानना है कि क्रिकेट में लोगों को जोड़ने की अपार क्षमता है। यूरोप जैसे नए बाजारों में इस खेल का विस्तार करने के लिए नए प्रयोग जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ‘इक्वल’ महिला और पुरुष खिलाड़ियों को एक साथ खेलने, योगदान देने और क्रिकेट के विकास में भागीदार बनने का अवसर देगी।
उन्होंने 2028 में ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी को भी इस खेल के वैश्विक विस्तार का बड़ा अवसर बताया। जर्मन क्रिकेट महासंघ के अध्यक्ष सेवरिन वाइस ने भी इस पहल को स्थानीय क्रिकेट समुदायों को मजबूत करने और नए दर्शकों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
एंकर स्पोर्ट्स के सह-मालिक नागेंद्र सिद्धौताम के अनुसार, यह लीग क्रिकेट की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देने के साथ खेल के लिए नए रास्ते खोलेगी।
अगस्त 2027 में शुरू होने जा रही ‘इक्वल’ लीग पर क्रिकेट जगत की नजरें रहेंगी। इसकी सफलता से भविष्य में मिश्रित महिला-पुरुष प्रतियोगिताओं के नए रास्ते खुल सकते हैं।

