After Header-1

भारतीय महिला हॉकी ने रचा इतिहास, पहली बार विश्व रैंकिंग में पांचवें पायदान पर पहुंची टीम

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। भोपाल में चल रही मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में चीन को 6-2 से हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया। हॉकी इंडिया ने टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी है।

भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग है। इससे पहले टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन छठे स्थान पर पहुंचना था। भारतीय टीम ने मई-जून 2022 में एफआईएच प्रो लीग में शानदार खेल दिखाते हुए यह स्थान हासिल किया था। वर्ष 2023 में भी टीम छठे पायदान पर रही थी। अब पांचवें स्थान पर पहुंचकर खिलाड़ियों ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। घरेलू दर्शकों के सामने खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षापंक्ति का प्रदर्शन किया। भारत की 6-2 से जीत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत भी रही। इससे पहले 2013 में भारतीय टीम ने चीन को 4-2 से हराया था।

वर्ष 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए बेहद सफल रहा है। टीम ने एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के बाद नेशंस कप का खिताब जीता। इसके अलावा महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद इस प्रतियोगिता में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भी 44 साल का इंतजार समाप्त किया।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने इस उपलब्धि को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे साल मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। विश्व रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल करना भारतीय हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

इस ऐतिहासिक सफलता ने भारतीय महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को नई मजबूती दी है। अब टीम की नजरें आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रदर्शन को बरकरार रखने पर होंगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.