नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। प्रदेश की सत्ता में दोबारा वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी अब उन विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने जा रही है, जहां उसे अब तक जीत नहीं मिल पाई है। इन सीटों पर संगठन को मजबूत करने के लिए भाजपा ने ‘प्लान 55’ तैयार किया है। इसके तहत 55 विधानसभा सीटों को चिह्नित कर उनके लिए अलग रणनीति बनाई जा रही है।
पार्टी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य कमजोर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और उन क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना है, जहां भाजपा की चुनावी पकड़ अब तक अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। इन सीटों पर पार्टी केवल चुनाव के दौरान प्रचार अभियान चलाने के बजाय अभी से जमीनी स्तर पर काम करने की तैयारी में है।
सूत्रों के मुताबिक, इन विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय राजनीतिक समीकरण, जातीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व, संभावित प्रत्याशियों की स्थिति तथा बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करने की कोशिश होगी।
हाल ही में लखनऊ और मथुरा में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठकों में भी 2022 के विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों को लेकर मंथन किया गया। इन क्षेत्रों में पार्टी नेताओं की जिम्मेदारियां तय करने, बूथ समितियों को दोबारा सक्रिय करने और वरिष्ठ एवं केंद्रीय नेताओं के दौरे कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
भाजपा की रणनीति में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रहने वाली है। पार्टी इन क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने के साथ संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी समय रहते फीडबैक जुटा सकती है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
दरअसल, भाजपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी का लक्ष्य रखा है। इसी व्यापक ‘मिशन 403’ के बीच ‘प्लान 55’ को विशेष रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब पार्टी की नजर इन सीटों पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर है।

