ईडी के अनुसार, महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से 13 से 19 नवंबर के बीच रिमांड के दौरान पूछताछ में हिमांशु शेखर की भूमिका सामने आई थी। आरोप है कि हिमांशु पिछले तीन वर्षों में कई बार दुबई गया और वहां सौरभ चंद्राकर से मुलाकात की। उसने ऐप और उसके प्रमोटरों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को खत्म कराने का भरोसा दिया था।
जांच एजेंसी का आरोप है कि इस काम के बदले अक्टूबर 2023 में कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लिए गए। इसके अलावा दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से कई किश्तों में नकदी वसूली गई।
देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते ईडी ने हिमांशु के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 20 नवंबर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई जाते समय इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद 21 नवंबर को ईडी ने गिरफ्तार किया। हालांकि, मुंबई की पीएमएलए अदालत ने 24 घंटे के नियम का हवाला देते हुए ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार कर दिया था। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस फैसले को रद्द कर ईडी को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दी।
ईडी ने अदालत को बताया कि महादेव ऐप से जुड़ी अवैध गतिविधियां और मनी लॉन्ड्रिंग जारी हैं। एजेंसी ने अपराध से अर्जित कुल आय 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान जताया है।
वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने दावा किया कि हिमांशु 23 नवंबर को शाम 4:25 बजे स्वयं ईडी के रायपुर कार्यालय पहुंचे थे। बचाव पक्ष ने अदालत से ईडी कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश रजिस्टर सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।
उधर, मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी अब हिमांशु से हवाला नेटवर्क और कथित लेनदेन में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ करेगी।

