पटना। बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित ढाका थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वे मोतिहारी से झारखंड के देवघर जा रहे थे। इसी दौरान तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। घायलों में कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। रास्ते में ट्रक से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं।
मृतकों की पहचान: पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में स्कॉर्पियो चालक तारीक आलम, बादल कुमार, राकेश गुप्ता, सुनीता देवी और पल्लवी देवी की मौत हो गई।
घायलों के नाम: स्वीटी देवी, उज्ज्वल कुमार, मुन्ना कुमार और शेखर गुप्ता घायल हुए हैं। इनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना की सूचना मोतिहारी के ढाका स्थित परिजनों को मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

