देहरादून। किसी को बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद की दरकार थी तो कोई पति की मौत के बाद हिट एंड रन क्लेम के लिए भटक रहा था। कहीं बुजुर्ग को अपने ही बेटे से जान का खतरा था तो कहीं टीबी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में ऐसी ही कई संवेदनशील समस्याएं सामने आईं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 103 शिकायतें दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख्ती
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी। सीएम हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित मामलों पर संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा। वहीं मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में देरी पर अधिकारियों को चेतावनी देते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुजुर्ग और मरीज के मामले में तत्काल राहत के निर्देश
जाखन निवासी 76 वर्षीय गोविंद राम शाह ने शिकायत की कि उनके बेटे ने मकान पर जबरन कब्जा कर लिया है और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर बुजुर्ग को तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।
टीबी से पीड़ित एक मरीज को दून अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने की शिकायत पर सीएमओ को उसी दिन मरीज को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कराने को कहा गया। प्रेमनगर निवासी शीला देवी ने बताया कि उनके पति की हिट एंड रन दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, लेकिन अब तक उन्हें क्लेम नहीं मिला है। डीएम ने इस मामले में भी एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बेटी की शादी और बुजुर्गों की आर्थिक मदद की गुहार
मन्नूगंज निवासी जसवीर कौर ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दिसंबर में प्रस्तावित बेटी की शादी के लिए सहायता मांगी। जिलाधिकारी ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वहीं डांडीपुर निवासी बीना गुलाटी और कांवली रोड निवासी बुजुर्ग बृजमोहन ने बढ़ती उम्र और परिवार में आय का साधन नहीं होने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की।
भगत सिंह कॉलोनी निवासी निदा रब्बानी ने घर में बिजली का मीटर नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या रखी। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने को कहा।
भूमि विवाद और धोखाधड़ी के मामले भी उठे
ऋषिकेश-चंद्रबनी निवासी हेमवती नंदन देवरानी ने श्री राधा-कृष्ण पब्लिक स्कूल पर घर के सामने अवैध रूप से कूड़ा और अपशिष्ट फेंकने का आरोप लगाया। ग्राम क्यारी निवासी प्रभा नौटियाल ने विकासनगर में अपनी निजी भूमि पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा कब्जे की शिकायत की। वहीं एकता विहार निवासी बीरा पंवार ने जमीन पर बाहरी लोगों के कब्जे और जान से मारने की धमकी देने का मामला उठाया। दोनों भूमि विवादों में संबंधित एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा टिहरी जनपद के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने भूमि की खरीद-फरोख्त के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

