After Header-1

महिला सशक्तीकरण पर कांग्रेस को कुछ दिखाई नहीं देता : महेंद्र भट्ट

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए धामी सरकार के फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने महिलाओं के उत्थान और अधिकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जो देश के अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन सकते हैं। इसके बावजूद कांग्रेस को सरकार की सकारात्मक पहल दिखाई नहीं दे रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि महिला कल्याण के लिए धामी सरकार ने कई योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में महिलाओं के हितों को लेकर कोई ठोस सकारात्मक पहल नहीं की और वर्तमान सरकार के प्रयासों पर भी नकारात्मक रुख अपनाती रही है।

भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है। उनके अनुसार, इस कानून का उद्देश्य महिलाओं को समान अधिकार और कानूनी सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने दावा किया कि इससे मुस्लिम महिलाओं को हलाला, इद्दत, बहुविवाह और तीन तलाक जैसी प्रथाओं से संबंधित असमानताओं से राहत मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। इसके अलावा सहकारी प्रबंध समितियों में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ये निर्णय महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए भट्ट ने कहा कि राज्य में मातृ मृत्यु दर में भी कमी दर्ज की गई है। उनके मुताबिक, वर्ष 2024-25 में यह घटकर 91 रह गई है।

भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए ठोस नीतिगत फैसले और उनका प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस पर महिला हितों के मुद्दे पर सरकार की पहलों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.