After Header-1

एक से अधिक जगह दर्ज है नाम? मतदाता सूची को लेकर डीएम ने की अपील

देहरादून। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को देखते हुए मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सभी सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरण मतदाता सूची में अवश्य जांच लें।

उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। आलेख्य निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों और मतदान स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.gov.in पर भी ऑनलाइन सूची देख सकते हैं।

मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए 20 से 27 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच करेंगे। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुधार किया जाएगा। एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नामों को भी चिह्नित कर अतिरिक्त प्रविष्टियां नियमानुसार हटाई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और नाम हटवाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप-6, 7 और 8 का उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने मतदाताओं से कहा कि नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की गलती मिलने पर प्रारूप-8 भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। वहीं, यदि किसी मतदाता का नाम एक ही बूथ या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दोहराया गया है तो अतिरिक्त प्रविष्टि हटवाने के लिए प्रारूप-7 भरकर आवेदन करें। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 का उपयोग किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर मतदाता सूची की जांच और आवश्यक संशोधन कराने की अपील की, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को परेशानी न हो।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.