After Header-1

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देती हैं : धामी

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री गुरु नानक देव जी की जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर गुरु नानक देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, सेवा तथा भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम, समानता और परोपकार का संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को दूर करने के साथ मानव मात्र की समानता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रसिद्ध संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी मानव जीवन को सार्थक दिशा प्रदान करता है। यह संदेश ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं वर्तमान समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज में एकता, समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का मार्ग दिखाते हैं। उनका जीवन हमें निःस्वार्थ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और प्रत्येक व्यक्ति के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव रखने की सीख देता है।

धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा तथा भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लें।

कार्तिक पूर्णिमा के महत्व पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पावन पर्व आध्यात्मिक चेतना, पुण्य, दान और सेवा के भाव को समर्पित करने का अवसर है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.