देहरादून। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है। भाजपा की वास्तविक ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि संगठन सत्ता में रहते हुए भी उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली रहना चाहिए, जितना सत्ता से बाहर रहते हुए रहता है। उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक भूमि पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता और विश्वास की अनुभूति हो रही है। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में संगठन के साथ काम करने का उनका अनुभव विशेष रहा है। बड़ी संख्या में नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की मौजूदगी संगठन के विस्तार और मजबूती का प्रमाण है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा की लगातार मिल रही सफलताओं के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियां और कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम है। देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना संगठन की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।
भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद पार्टी की वैचारिक नींव हैं। एकात्म मानववाद व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की अवधारणा पर आधारित है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनावी सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए काम करता है। सत्ता में रहना या विपक्ष में रहना पार्टी की विचारधारा को प्रभावित नहीं कर सकता।
कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र
राजनाथ सिंह ने अपने राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को नौ सूत्रों पर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पहला, संगठन ही भाजपा की वास्तविक ताकत है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति निकटता बढ़नी चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें और संवाद होने चाहिए।
दूसरा, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास का ध्वजवाहक बनना होगा। किसी भी आपदा, दुर्घटना या संकट में भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति बने।
तीसरा, डिजिटल युग में सोशल मीडिया और आधुनिक संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। सोशल मीडिया को केवल प्रचार नहीं, बल्कि जनता की समस्याएं और अपेक्षाएं समझने का माध्यम भी बनाया जाए।
चौथा, राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचते हुए मुद्दों पर आधारित संवाद किया जाए। विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों और राजनीतिक मर्यादा के साथ दिया जाए।
पांचवां, युवाओं को संगठन से अधिकाधिक जोड़कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय युवा टीम तैयार की जाए। उन्हें जनसेवा का प्रशिक्षण और नेतृत्व के अवसर दिए जाएं।
छठा, विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाए। लोकतंत्र, ईवीएम और आपातकाल जैसे विषयों पर प्रमाणिक जानकारी के साथ अपनी बात रखी जाए।
सातवां, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनसे आम नागरिकों के जीवन में आए बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी साझा की जाएं।
आठवां, प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण में नैतिकता, अनुशासन, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाए रखे। पार्टी की छवि उसके कार्यकर्ताओं के व्यवहार से बनती है।
नौवां, संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखा जाए। पद और दायित्व को लेकर आपसी मतभेदों से बचते हुए धैर्य, समर्पण और निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जाए। उन्होंने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और छोटी-छोटी बातों से संगठन की एकजुटता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

