हरिद्वार। भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए प्रदेश सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और आयुष्मान भारत योजना ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। आयुष्मान योजना के तहत उत्तराखंड में 17 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चारधाम के साथ प्रदेश में पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित करने और स्टेट बॉर्डर डेवलपमेंट फंड के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने से सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं बनी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में 10 मेडिकल कॉलेजों की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण है। इसके अलावा किसानों और महिलाओं को छह लाख रुपये तक ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराने की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में सहायक साबित हो रही हैं।
उन्होंने राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से प्रदेश में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इनके प्रभाव को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

