देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में संगठन को एकजुट और सक्रिय बनाने के साथ प्रदेशभर में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
अपने छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन आयोजित बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता के बीच उठाने तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याएं, पलायन तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर भी चिंता जताई गई। इन मुद्दों पर जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।
कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं से संगठन की जमीनी स्थिति और राजनीतिक गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, एकजुटता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने की आवश्यकता है।
बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस एकजुट होकर भाजपा सरकार की नीतियों और उसके कामकाज को जनता के सामने रखेगी। साथ ही प्रदेशवासियों के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा और गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी तथा उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

