After Header-1

2027 के लिए भाजपा का बड़ा लक्ष्य, राम माधव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव ने पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ही ‘नेचुरल पार्टी ऑफ गवर्नेंस’ है। यह देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को जीने वाली पार्टी है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रचने के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।

राम माधव ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और परिश्रम के दम पर टिकट का दावेदार बन सकता है। पार्टी में परिवारवाद और धनबल के आधार पर फैसले नहीं होते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं, जिन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। उन्होंने टिकट के दावेदारों और कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि टिकट अंततः किसी एक को ही मिलेगा, लेकिन पार्टी की जीत सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसलिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।

उन्होंने बताया कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए विस्तारक जिला केंद्रों में रहकर संगठनात्मक गतिविधियों में सहयोग करेंगे। प्रवासी कार्यकर्ता भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। राम माधव ने कहा कि प्रदेश में पार्टी के प्रति उत्साह और माहौल को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अपनी सक्रियता बनाए रखने की जरूरत है।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य के 27 वर्षों के इतिहास में जनता ने 17 वर्षों तक भाजपा को सेवा का अवसर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राम माधव ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली नहीं, बल्कि नए रिकॉर्ड बनाने वाली पार्टी है। उन्होंने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने इस राजनीतिक परंपरा को चुनौती दी है। दस वर्षों के शासन के बाद पार्टी अब 15 वर्षों तक लगातार जनसेवा करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.