हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में आयोजित विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए 60 पार का लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव और चुनावी रणनीति को मंजूरी दी गई। पार्टी अब डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों के दौरान उत्तराखंड ने विकास और विरासत के क्षेत्र में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश के धार्मिक धामों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं में हुए सुधार से पर्यटन को बढ़ावा मिला है और राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे के विकास के साथ निवेश में वृद्धि से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून को सरकार के प्रमुख निर्णयों में गिनाया। उनके अनुसार, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। वहीं, सख्त नकल विरोधी कानून से युवाओं के हितों की रक्षा हुई है और लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत और सक्रिय बनाने का लक्ष्य लेकर काम करे। चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर की सक्रियता महत्वपूर्ण होगी।
भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं। पार्टी का लक्ष्य विकसित उत्तराखंड के निर्माण के साथ वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाना है।

