देहरादून में अनूप जलोटा ने छेड़ी भजनों की तान, बोले- मेरा जन्म नैनीताल में हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं
देहरादून। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने रविवार को देहरादून में अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति से श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अनूप जलोटा ने उत्तराखंड से अपने भावनात्मक जुड़ाव को भी साझा किया। उन्होंने कहा, “मेरा जन्म नैनीताल में हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं।” उनकी इस आत्मीय टिप्पणी पर सभागार में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
दरअसल, अनूप जलोटा देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। इस शो के माध्यम से मनुष्य के कर्मों और उनके परिणामों से जुड़ा संदेश दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। शूटिंग के बाद शाम को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भजनों की प्रस्तुति दी।
भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने बताया कि इस मंच के माध्यम से भजन, धार्मिक, आध्यात्मिक कार्यक्रमों और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री दर्शकों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने लोगों से ऐप डाउनलोड कर इस पहल से जुड़ने की अपील की। ऐप की मासिक सदस्यता 11 रुपये निर्धारित की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग धार्मिक और सांस्कृतिक सामग्री का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल और सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर रीना असोपा, निकिता असोपा, अभिनेत्री जया पांडे, भक्तिद्वार की क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।

