After Header-1

बागेश्वर में दुस्साहसिक वारदात, 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटे सोने के गहने

बागेश्वर। जिले के कांडा क्षेत्र के भेंटा गांव में शनिवार रात बदमाशों ने घर में अकेली रह रही 72 वर्षीय वृद्ध महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उसके साथ मारपीट की और नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे अज्ञात लोग कांडा क्षेत्र के भेंटा गांव निवासी तारा देवी के घर में घुस गए। उस समय वह घर में अकेली थीं। बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की और घर में रखी नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। महिला की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले पूरन राम, हरीश राम और सोहन राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल परिजनों, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को घटना की सूचना दी।

तारा देवी का छोटा बेटा नीरज जोशी रुद्रपुर में नौकरी करता है, जबकि बड़ा बेटा ललित मोहन जोशी गांव में ही रहता है। घटना की जानकारी मिलने पर नीरज रविवार सुबह गांव पहुंचा और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। ग्राम प्रहरी बसंत बल्लभ जोशी के अनुसार, उन्होंने शनिवार शाम ही खातीगांव चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दे दी थी। पुलिस टीम मध्यरात्रि करीब 12 बजे गांव पहुंची।

रविवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, कांडा थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, उपनिरीक्षक लता खत्री और खातीगांव चौकी प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वृद्धा के बेटे नीरज जोशी ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर जल्द आरोपितों को पकड़ने की मांग की है।

पहले की चोरी का खुलासा नहीं होने से नाराजगी

ग्रामीणों के मुताबिक, इसी ग्राम पंचायत के करड़ियागांव में 28 अप्रैल 2026 को बुजुर्ग जीवन कर्नाटक के घर में भी चोरी हुई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। अब भेंटा गांव में वृद्ध महिला के साथ हुई वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की दोनों घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.