After Header-1

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रुड़की में भव्य नगर कीर्तन, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

रुड़की। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रुड़की में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें सिख समाज के बड़ी संख्या में लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के विभिन्न मार्गों पर नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरा शहर गुरु भक्ति, सेवा और श्रद्धा के रंग में नजर आया।

नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा कलगीधर, रामनगर से हुई। पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई देर शाम गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सिविल लाइंस पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पंच प्यारों को पुष्पाहार और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

नगर कीर्तन की विशेष बात सेवादारों की निस्वार्थ सेवा रही। गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के आगे पंच प्यारे चल रहे थे। उनके आगे सेवादार सड़क पर पुष्प बिछाते हुए चल रहे थे, जबकि महिला सेवादार झाड़ू लगाकर रास्ते की सफाई कर रही थीं। श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भावना ने आयोजन को विशेष बना दिया।

सभा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता की सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को सही मार्ग दिखा रही हैं।

सरदार तरनदीप सिंह ने कहा कि गुरुजी का सिद्धांत ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देता है।

समूह साध-संगत के आयोजन में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और श्री सुखमनी साहित्य सेवा सोसाइटी का विशेष सहयोग रहा। वहीं, सिविल लाइंस स्थित सत्संग सभा, जादूगर रोड गुरुद्वारा कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान हरमीत सिंह दुआ सहित विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नगर कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.