After Header-1

चुनाव-2027 में मतदान बढ़ाने की जिम्मेदारी रेक्सा दानू को, ट्रांसजेंडर समुदाय की बनीं आइकॉन

देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने मतदान जागरूकता अभियान को गति देनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सुश्री रेक्सा दानू को जनपद के ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मतदान आइकॉन नामित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। रेक्सा दानू अपने समुदाय के लोगों को मताधिकार के महत्व की जानकारी देंगी और आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।

नामित मतदान आइकॉन के माध्यम से जनपद के आम नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। लोगों से अपील की जाएगी कि वे मतदान के दिन अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से मताधिकार का प्रयोग करें। साथ ही अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी बेहद जरूरी है। ट्रांसजेंडर समुदाय को मतदान जागरूकता अभियान से जोड़ना समावेशी और सहभागी लोकतंत्र की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से यह संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। प्रशासन का प्रयास है कि आगामी विधानसभा निर्वाचन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करे।

प्रशासन ने इस अभियान के जरिए समाज के सभी वर्गों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.