After Header-1

मां की अंतिम यात्रा में भावुक हुए योगी, पार्थिव देह के साथ हरिद्वार रवाना

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी दिवंगत माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। मां के निधन से भावुक मुख्यमंत्री उनकी पार्थिव देह के साथ पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुए। शनिवार सुबह 8:57 बजे पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच अंतिम यात्रा शुरू हुई। मुख्यमंत्री भी लक्ष्मण झूला-कांडी मार्ग से अपनी मां की पार्थिव देह के साथ हरिद्वार के लिए निकले, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संस्कृत श्लोक साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा—

‘नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥’

इस श्लोक का भावार्थ है कि मां के समान कोई छाया, सहारा, रक्षक और प्रिय कोई दूसरा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को मां के प्रति उनके गहरे प्रेम, सम्मान और श्रद्धा की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां के अंतिम दर्शन के लिए पंचूर पहुंचे थे।

शनिवार सुबह गांव से अंतिम यात्रा शुरू होने के दौरान बड़ी संख्या में लोग शोक व्यक्त करने के लिए जुटे। मां की अंतिम विदाई में मुख्यमंत्री योगी का उनके पार्थिव शरीर के साथ चलना भावुक कर देने वाला दृश्य रहा।

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में शोक व्यक्त किया जा रहा है। विभिन्न दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.