After Header-1

बंशीधर भगत के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, डॉ. प्रतिमा सिंह बोलीं- पहले अपना इतिहास देखें

देहरादून। भाजपा विधायक बंशीधर भगत की ओर से कांग्रेस के इतिहास को नरसंहारों से दागदार बताए जाने संबंधी बयान पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा विधायक के बयान को राजनीतिक हताशा और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास के प्रति अज्ञानता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश की आजादी के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है, न कि नरसंहारों से।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए कांग्रेस के अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना और राष्ट्र निर्माण तक कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में कांग्रेस के इतिहास पर इस तरह की टिप्पणी करना स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और ऐतिहासिक तथ्यों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं को सार्वजनिक बयान देने से पहले देश के इतिहास का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र, संविधान, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में भी कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर राजनीतिक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश और देश की जनता आज बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा नेता कांग्रेस के इतिहास को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा के इतिहास पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस के अतीत पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास का आकलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाने के बजाय अपनी सरकारों के कामकाज और उपलब्धियों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा विधायक पहले अपने गिरेबान में झांकें, उसके बाद कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास पर टिप्पणी करें।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.