After Header-1

योगी से मिले सीएम धामी, यूपी-उत्तराखंड के बीच लंबित विवादों पर हुई अहम चर्चा

 देहरादून। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक बार फिर महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग समेत विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों और पूर्व में लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का विषय रखते हुए इनके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता पड़ने पर पुनर्निर्माण का मुद्दा भी उठाया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन परिसंपत्तियों और आधारभूत संरचनाओं का रखरखाव केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से है। बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, पुराने और जर्जर पुलों का सुदृढ़ीकरण होने से स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और किसानों की जरूरतों को देखते हुए इन कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी है। इसके लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल और नियमित समन्वय बनाए रखना होगा।

दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच हुई इस मुलाकात को अंतरराज्यीय समन्वय और लंबित विकास संबंधी मामलों के समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब संबंधित विभागों के स्तर पर इन मुद्दों पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.