देहरादून। सौंग घाटी की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंग बांध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा।

आंदोलनकारियों ने सरकार से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप नेगी (गुरुजी) धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
सौंग बांध समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में आंदोलन विधानसभा धनोल्टी की ग्राम पंचायत तौलियाकाटल के सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप चल रहा है।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और 15 सूत्रीय मांगों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वह सौंग घाटी के क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं। क्षेत्र की समस्याएं गंभीर हैं और उनका समाधान होना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों का मांगपत्र प्रदेश सरकार को भेजने का प्रयास करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो वह स्वयं भी आंदोलनकारियों के साथ धरने पर बैठेंगे।
आंदोलन में क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित सैकड़ों ग्रामीणों की भागीदारी रही। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह संघर्ष प्रभावित और विस्थापित परिवारों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है।
समिति ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। अगले चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार और रायपुर चौक पर चक्काजाम किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार ने अनदेखी की तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय होने तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

