After Header-1

47 दिन, अंतरराष्ट्रीय सफर और प्रकृति संरक्षण का संदेश, सीएम धामी ने किया साइकिल यात्रा का समापन

देहरादून। प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अभियान की सफलता पर पूरी टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में 47 दिनों तक चली यह साइकिल यात्रा प्रकृति के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की सार्थक पहल है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का जुड़ाव दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी के संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। भारतीय परंपरा में प्रकृति को हमेशा पूजनीय माना गया है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। जरूरत प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की है। मुख्यमंत्री ने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास एवं पर्यावरण के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का आह्वान किया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.