After Header-1

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: महिलाओं के बीच पहुंचे सीएम धामी, सिलबट्टे पर पीसा पहाड़ी नमक

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की महत्वपूर्ण भागीदार भी हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सम्मेलन में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पहाड़ की पारंपरिक गतिविधियों में भी भागीदारी की। उन्होंने सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि चमोली की धरती से गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। उज्ज्वला, जनधन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी पहलों से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.