After Header-1

डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष तक पहुंचे भारत-आसियान के रिश्ते, पीएम मोदी ने बताया भविष्य का रोडमैप

नई दिल्ली, 17 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत और आसियान के बीच साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी नए आयाम स्थापित कर रही है। दोनों पक्ष दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहयोग और साझेदारी से तय होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ ने आसियान देशों के साथ संबंधों को नई गति और मजबूती प्रदान की है। उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के देश समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को बधाई और धन्यवाद दिया।

12 वर्षों में मजबूत हुए आपसी संबंध

प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान नेताओं के साथ इस प्रारूप में उनका यह 13वां संवाद है। वर्ष 2014 से अब तक भारत और आसियान के बीच लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। लगभग 250 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ान सेवाओं तथा पर्यटन में हुई वृद्धि दोनों पक्षों के बीच बढ़ते आपसी विश्वास और निकटता को दर्शाती है। बीते 12 वर्षों में साझेदारी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और अब इसे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने का समय है।

प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग से बनेगा भविष्य

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे दौर में वैश्विक समुदाय को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसी संदर्भ में इस वर्ष शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टुगेदर’ यानी मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना विशेष महत्व रखती है।

उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के पास पूरे क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बनाने की क्षमता और संकल्प दोनों हैं। दोनों पक्षों को मिलकर ऐसा भविष्य तैयार करना चाहिए, जिसमें प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग को प्राथमिकता मिले।

विकसित भारत-2047 और आसियान दृष्टि-2045 पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष आसियान देशों की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत के लिए इस संगठन के विशेष महत्व को दर्शाती है। भारत का मानना है कि उसका विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में आसियान समुदाय की दृष्टि-2045 और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मोदी ने कहा कि भारत की आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता अटल है। शिखर सम्मेलन से भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई मिलेगी। साथ ही एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में भी सहयोग मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान के बीच बढ़ता सहयोग न केवल दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पूरे विश्व में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को नई दिशा देने में भी सहायक हो सकता है। उन्होंने सम्मेलन में शामिल सभी नेताओं के विचार और सुझाव सुनने की उत्सुकता भी व्यक्त की।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.