After Header-1

रुद्रप्रयाग में फिर दर्दनाक हादसा: 10 लोगों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत

रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऊखीमठ क्षेत्र के कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में आठ वर्षीय बच्ची भी शामिल है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की मंगलवार सुबह नौ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना सोमवार रात करीब 9:15 बजे हुई। बोलेरो वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। बताया गया कि कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल को तत्काल रवाना किया गया।

एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की ऊखीमठ टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बचाव दलों ने खाई में उतरकर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

आठ साल की बच्ची समेत छह लोग घायल

सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। घायलों में लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा देवी (34) की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

वहीं, अन्य दो घायलों की पहचान उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (58) के रूप में हुई है। इनका भी अस्पताल में उपचार किया गया।

चार मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंवर सिंह (80), मदन सिंह (40), सूरज सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन लोग ऊखीमठ क्षेत्र के रांसी गांव के निवासी बताए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति दैड़ा और गैढ़ (बस्ती) गांव का रहने वाला था।

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही वाहन में सवार चार लोगों की मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.