After Header-1

जनकपुर से देहरादून तक 3000 किमी का सफर, 47 दिन बाद मुख्यमंत्री ने किया अनूठी साइकिल यात्रा का समापन

देहरादून, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में आयोजित 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का समापन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए ही विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने डॉ. अनिल प्रकाश जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि लगातार 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति और पर्यावरण के प्रति समर्पण, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह अभियान केवल लंबी दूरी तय करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या साझा सांस्कृतिक विरासत तथा दोनों देशों के आत्मीय रिश्तों के प्रतीक हैं। दोनों देशों की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. जोशी का संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। भारतीय परंपरा में प्रकृति को हमेशा पूजनीय स्थान दिया गया है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।

जीईपी की अवधारणा को बताया महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन किया जा सकता है। इससे विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और समृद्ध जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर आगे बढ़ रही है। पारंपरिक जल स्रोतों नौले-धारे, चाल-खाल के संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इस कार्य में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।

जनकपुर से शुरू हुई थी 3000 किमी की यात्रा

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दो अक्टूबर को नेपाल के जनकपुर धाम से इस अभियान की शुरुआत हुई थी। 47 दिनों के दौरान साइकिल यात्रियों ने 3000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की। यात्रा नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों से होकर गुजरी।

इस दौरान लोगों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना रहा।

विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का पोस्टर जारी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।

यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर आधारित सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, प्रबंधन की तैयारियों, आधुनिक तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में देश-विदेश के विशेषज्ञों के अनुभव, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस तरह के अभियान और सम्मेलन पर्यावरण संरक्षण तथा आपदा प्रबंधन के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.