After Header-1

भीषण बस हादसा: 120 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 9 की मौत और 25 घायल

देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में बस चालक समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। घायलों को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। सुबह करीब 4:50 बजे जब बस ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गूलर गाड़ में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

एक घंटे तक चला राहत एवं बचाव अभियान

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। शिवपुरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई में बस गिरने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, करीब एक घंटे के भीतर सभी घायलों को दुर्घटनास्थल से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। हादसे में जान गंवाने वालों के शवों को भी बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। यात्रियों का सामान सुरक्षित रखने के लिए गूलर पुलिस चौकी में रखवाया गया है।

नौ मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले नौ लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48), निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग और परिचालक अनुज भंडारी (27), निवासी बड़ल बवाणी, शिवपुरी, टिहरी शामिल हैं।

इसके अलावा विक्की (37) और रोहित कश्यप (35), निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), राज राय (56), निवासी जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), पुन्नू (55), निवासी मैखंडी, कीर्तिनगर, टिहरी, सुशील प्रताप सिलोडी (55), निवासी गोपेश्वर, चमोली तथा मध्य प्रदेश निवासी दीपक गुप्ता और विकास गुप्ता की भी दुर्घटना में मौत हुई है।

25 यात्री घायल, एम्स में उपचार जारी

हादसे में घायल 25 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मध्य प्रदेश और दिल्ली के यात्री शामिल हैं। घायलों की सूची में तीन वर्षीय बच्ची आयरा भी शामिल है।

घायलों में झारखंड के दुमका निवासी मो. वहाब अंसारी, बुधन मुर्मू, राजकुमार, मुन्ना सिंह और अर्जुन सौरन शामिल हैं। इसके अलावा खटीमा निवासी प्रत्यूश, जसपुर निवासी अभिषेक, बिहार निवासी संतोष कुमार और राहुल कुमार, गुवाहाटी निवासी नूरजहां और उनकी तीन वर्षीय बेटी आयरा, रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी, दिल्ली निवासी जतिन, कर्णप्रयाग निवासी वीरेंद्र सिंह, पिथौरागढ़ निवासी खुशी भट्ट तथा उत्तर प्रदेश निवासी सागर सिंह भी घायल हुए हैं।

हल्द्वानी निवासी पंकज कण्डपाल, आशा पंत, अंजू, दर्शन सिंह और नवीन को एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

दर्दनाक हादसे पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

दुर्घटना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा एंड डिजास्टर हेल्पलाइन नंबर 1800-180-4278 तथा व्हाट्सएप नंबर 9084670331 पर संपर्क किया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, टिहरी गढ़वाल के नंबर 01376-234793, 01376-233433 तथा मोबाइल नंबर 9456533332, 8126268098, 7465809009 और 7983340807 भी जारी किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। पहाड़ी मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय सड़कों पर सुरक्षित यातायात और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.