- देहरादून में तीन दौर का मंथन: मीडिया सेंटर और दिसंबर कार्यक्रमों पर चर्चा
- हरिद्वार कार्यसमिति से पहले भाजपा की बिसात, कांग्रेस के ‘आपसी रण’ पर तंज
देहरादून। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में आगामी दिसंबर माह के सांगठनिक कार्यक्रमों एवं चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई है। जिसके दौरान मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भाजपा पिछले दो चुनावों से भी बड़ी जीत की दृष्टि से आगे बढ़ रही है। साथ ही कांग्रेसी रणनीति को लेकर तंज किया कि वहां आपस रण बहुत है, जिसके लिए नीति बन रही है, भाजपा जनता का आशीर्वाद पाने के लिए योजना बना रही है।
पार्टी मुख्यालय में आज तीन अलग अलग महत्वपूर्ण बैठकें केंद्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में सम्पन्न हुई। जिसमें प्रथम बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए द्वितीय बैठक में मुख्यमंत्री एवं टोली बैठक हुई और तृतीय बैठक में विमर्श टीम के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इन बैठकों में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान,मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी समेत कई प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान मीडिया के सवालों का प्रदेश प्रभारी राम माधव ने बताया कि चुनाव की तैयारी हम जोर-शोर से कर रहे हैं। इसी क्रम में चुनावी संबंधी कई विषयों को लेकर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की उपस्थिति में चर्चा हुई है और चुनाव की योजना, रणनीति पर काम किया गया है। कहा, रणनीति को लेकर हम सिर्फ ये कह सकते हैं कि भाजपा प्रदेश में इस बार 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों से भी अधिक सीटें जीतने जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस द्वारा रणनीतिक तैयारियों के दावे के सवाल पर व्यंग कसते हुए कहा कि कांग्रेस के अंदर बहुत रण हो रहा है, लिहाजा वहां नीति उसे रोकने के लिए बन रही होगी। जबकि भाजपा जनता का पहले से अधिक आशीर्वाद प्राप्त करने की दृष्टि से योजना बना रही है।
वहीं इस दौरान यह भी बताया गया कि आगामी सांगठनिक कार्यक्रम जो पार्टी के होने वाले हैं, उन्हें सफल बनाने की लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही बताया कि शीघ्र पार्टी का एक रिपोर्ट कार्ड आने वाला है और उसका भी एक विमोचन का कार्यक्रम जल्दी सुनिश्चित होगा, वहीं मीडिया सेंटर भी शुरू किया जाएगा और आगामी 21-22 नवंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की भी चर्चा बैठक में हुई। वहां इसी दौरान प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी होगी, उसके विषयों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

