- बिरसा जयंती के बाद बंद कमरे की अहम बैठक, बीएल संतोष- राम माधव ने ली संगठन की क्लास
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत चुनिंदा नेताओं की बीच बनी चुनावी रणनीति, प्रचार पर जोर
ममता सिंह
देहरादून। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के बाद उत्तराखंड भाजपा में सियासी हलचल बढ़ गई है। कार्यक्रम के तुरंत बाद बंद कमरे में अहम बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज की मौजूदगी में जिला प्रभारियों से जमीनी फीडबैक लिया गया।
शीर्ष नेतृत्व ने वरिष्ठ नेताओं को साफ शब्दों में चेताया। संदेश सीधा था कि अब टिकट की बात न करें। सरकारी योजनाओं का प्रचार सुस्त पड़ा है। नेताओं को उसी पर ध्यान लगाना होगा। राम माधव ने टिकट की होड़ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हर सीट पर दर्जनभर से ज्यादा दावेदार मैदान में हैं। इससे बागियों के बढ़ने और बात हाथ से निकलने का खतरा है। हाईकमान ने 10 दिन में डिटेल्स रिपोर्ट मांगी है।
यह कसावट 2027 के चुनाव की तैयारी का हिस्सा है। पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में आने और 60 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य साध रही है। राम माधव ने बूथ सक्रियता और सरकारी कामों के प्रचार पर जोर बढ़ाया है। सात मोर्चों की भूमिका भी तय हो रही है। जिला प्रभारियों से क्षेत्रवार माहौल और संगठन की स्थिति पर जानकारी ली गई। सरकार का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाने की तैयारी है।
मुख्य फोकस उन 23 सीटों पर है, जो भाजपा ने 2022 में गंवा दी थीं। इन सीटों पर माइक्रो-मैनेजमेंट शुरू हुआ है। लेकिन हरिद्वार पर खास नजर है। 2017 में जिले की 11 में से 8 सीटें जीतने वाली भाजपा 2022 में 3 पर सिमट गई थी। अब हरिद्वार की 5 सीटों के 238 शक्ति केंद्रों पर सम्मेलन हो रहे हैं। इनमें सामाजिक और धार्मिक समूहों को भी जोड़ा जा रहा है। सभी शक्ति केंद्रों पर राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम भी चल रहे हैं।
कोर कमेटी की बैठक की प्रस्तावित है। इसके अलावा आगामी 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी होनी है। पहले दिन मोर्चों व प्रकोष्ठों की कार्यसमिति और दूसरे दिन विस्तारित बैठक होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इसमें शामिल होंगे। अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर के कार्यक्रम मांगे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में दौरों की योजना भी बन रही है।
हालांकि, राह आसान नहीं है। कई सीटों पर पुराने कार्यकर्ताओं और नए दावेदारों में खींचतान है। कांग्रेस भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेर रही है। मुख्यमंत्री धामी के सामने योजनाओं को जमीन पर उतारने और वोट में बदलने की चुनौती है। हरिद्वार मंथन में काम और अनुशासन पर ही आगे का रास्ता तय होगा।

